80 वर्षीय महिला हत्याकांड का खुलासा, वांछित आरोपी गिरफ्तार; जेवर और अवैध तमंचा बरामद
रिपोर्टर: राजीव कुमार, पुलिस दर्पण
मथुरा, 15 सितंबर 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में पुलिस ने बलदेव थाना क्षेत्र में 80 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान हरिबाबू के पुत्र रमन उर्फ रमन बिहारी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना बलदेव में अपराध संख्या 269/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/315/317(2) में मामला दर्ज है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से मृतका से संबंधित बताए जा रहे आभूषण भी बरामद किए गए। बरामद सामान में पीली धातु की टूटी हुई एक जोड़ी बालियां तथा सफेद धातु की एक जोड़ी पायल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस ने आरोपी के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
15 सितंबर को वृंदावन थाना परिसर स्थित पुंडरीकाक्ष सभागार में इस मामले में पुलिस कार्रवाई की सफलता को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा, पूर्ण समर्पण और लगन के लिए मामले का सफल अनावरण करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित पुलिसकर्मियों में बलदेव थाना प्रभारी अभय कुमार शर्मा, स्वाट टीम प्रभारी महावीर सिंह, बलदेव थाने से अमित कुमार राय व हेड कांस्टेबल संजय सिंह तथा स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल दुर्विजय सिंह, हरेंद्र सिंह, अखिल प्रताप, कांस्टेबल योगेश कुमार, सुनील कुमार, आशुतोष और कांस्टेबल रामपाल शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कर्तव्य के प्रति इसी प्रकार समर्पण और सजगता बनाए रखने पर जोर दिया। मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

