आगरा से जिला ब्यूरो एन . कुमार की रिपोर्ट
आगरा, 3 जुलाई।
महिला अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट वूमेन क्राइम’ अभियान के तहत थाना हरीपर्वत पुलिस ने दुष्कर्म कर युवती की अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को पीड़िता ने थाना हरीपर्वत में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी बॉबी ने करीब दो वर्ष पूर्व उसे बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान युवती की अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लीं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना हरीपर्वत में मुकदमा संख्या 185/2026, धारा 69 एवं 351(2) बीएनएस तथा 5(1)/6 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी बॉबी पुत्र राधेश्याम, निवासी मोहल्ला जाटव, ग्राम पुरामना, थाना किरावली, जनपद आगरा को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नरेट ने महिला अपराधों के प्रति अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति दोहराते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
