आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
आगरा। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने हिसाब-किताब के विवाद में हुई बुजुर्ग की मौत के मामले में गैर इरादतन हत्या के आरोप में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पिता और उसके दो बेटे शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 को वादी ने सूचना दी कि उसके पिता को रुपये और अन्य हिसाब-किताब के विवाद को लेकर उदय अग्रवाल ने अपने घर बुलाया था। आरोप है कि वहां उदय अग्रवाल और उसके पुत्र लखन व आकाश ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें गली के बाहर फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में थाना ट्रांस यमुना में मुकदमा संख्या 244/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 14 जुलाई को टेड़ी बगिया बस स्टैंड के पास से तीनों आरोपियों—उदय कुमार अग्रवाल उर्फ पुल्ली, लखन अग्रवाल और आकाश अग्रवाल—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी उदय अग्रवाल के खिलाफ पहले भी हत्या, धमकी और सड़क दुर्घटना से जुड़े मामले दर्ज हैं, जबकि लखन के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक मुकदमे दर्ज रहे हैं।
इस कार्रवाई को थाना ट्रांस यमुना के थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
