ब्यूरो चीफ अवधेश कुमार
जनपद सम्भल में विधानसभावार कार्यक्रम आयोजित, कोटेदारों एवं लाभार्थियों ने किया प्रतिभाग
सम्भल बहजोई । प्रदेश में कार्यरत उचित दर विक्रेताओं को राज्य सरकार के बजट से अतिरिक्त लाभांश दिए जाने की घोषणा के उपलक्ष्य में आज जनपद सम्भल में विधानसभावार कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विधानसभा चन्दौसी के लिए कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई, विधानसभा गुन्नौर के लिए विकास खण्ड गुन्नौर, विधानसभा सम्भल के लिए विकास खण्ड सम्भल तथा विधानसभा असमोली के लिए विकास खण्ड असमोली के सभागार में नामित नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुए।

विधानसभा चन्दौसी के कार्यक्रम में लगभग 200 उचित दर विक्रेता एवं लाभार्थी रहे उपस्थित
कलक्ट्रेट सभागार, बहजोई में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव एवं विशिष्ट अतिथि अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद बहजोई राजेश शंकर राजू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग, खण्ड विकास अधिकारी बनियाखेड़ा ज्योत्सना त्रिपाठी एवं बहजोई, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी तहसील चन्दौसी तथा पूर्ति निरीक्षक तहसील चन्दौसी सहित लगभग 200 उचित दर विक्रेताओं एवं लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग द्वारा किया गया उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में समस्त उचित दर विक्रेताओं द्वारा लाभार्थियों को आधार प्रमाणीकरण के उपरांत ई-पॉश मशीन के माध्यम से खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है।
959 उचित दर दुकानों से 15.70 लाख से अधिक लाभार्थी लाभान्वित
जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग ने बताया कि जनपद सम्भल के ग्रामीण क्षेत्रों में 838 तथा नगरीय क्षेत्रों में 121, कुल 959 उचित दर दुकानें संचालित हैं। इन दुकानों के माध्यम से 3,90,413 राशन कार्डधारकों के 15,70,723 लाभार्थियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में ₹35 प्रति कुंतल की वृद्धि
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा उचित दर विक्रेताओं को खाद्यान्न वितरण पर पूर्व में ₹90 प्रति कुंतल की दर से लाभांश दिया जा रहा था। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इसमें वृद्धि करते हुए अब ₹125 प्रति कुंतल लाभांश निर्धारित किया गया है।
जनपद सम्भल में उचित दर विक्रेताओं द्वारा कुल 81,560 कुंतल खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। पूर्व निर्धारित दर के अनुसार विक्रेताओं को कुल ₹73,40,400 लाभांश प्राप्त हो रहा था। नई दर लागू होने के बाद अब उचित दर विक्रेताओं को कुल ₹1,01,95,000 लाभांश प्राप्त होगा। इस प्रकार जनपद के उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में कुल ₹28,54,600 की वृद्धि होगी।
अन्नपूर्णा भवनों से लाभार्थियों एवं उचित दर विक्रेताओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
कार्यक्रम में बताया गया कि कार्डधारकों एवं उचित दर विक्रेताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। जनपद सम्भल में वर्तमान में 96 अन्नपूर्णा भवन क्रियाशील हैं, जहां से खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त जनपद में वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत 336 अन्नपूर्णा भवन तथा खाद्य एवं रसद विभाग के माध्यम से 39 अन्नपूर्णा भवन, कुल 375 अन्नपूर्णा भवन निर्माणाधीन हैं।
उचित दर दुकानों पर जनसेवा केंद्र एवं जन उपयोगी वस्तुओं की बिक्री की अनुमति
उचित दर विक्रेताओं की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से शासन द्वारा उचित दर दुकानों पर जनसेवा केंद्र संचालित करने तथा लगभग 34 जन उपयोगी वस्तुओं की बिक्री किए जाने की अनुमति प्रदान की गई है। इनमें सर्फ, साबुन, झाड़ू, बाल्टी, चायपत्ती, माचिस, दुग्ध उत्पाद तथा स्वास्थ्य संबंधी कुछ आवश्यक दवाएं आदि शामिल हैं। इससे उचित दर विक्रेताओं के लिए अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध होंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने कोरोना काल में कोटेदारों की भूमिका की सराहना की
मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने उचित दर विक्रेताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना काल जैसे कठिन समय में भी कोटेदारों ने पूरी निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ गरीब एवं पात्र परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया। उन्होंने उचित दर विक्रेताओं से कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने में भी सहयोग करें।
उन्होंने महिलाओं को रोजगार एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के गठन तथा शासन की योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को जोड़ने में सहयोग करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने पात्र व्यक्तियों को ही अन्त्योदय योजना का लाभ देने पर दिया जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव ने कहा कि अन्त्योदय कार्ड का लाभ अत्यंत गरीब एवं पात्र व्यक्तियों तथा गंभीर बीमारी से पीड़ित पात्र परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्तियों तक पहुंच सके।
विधानसभा गुन्नौर में 125 कोटेदार एवं लाभार्थी रहे उपस्थित
विधानसभा गुन्नौर में विकास खण्ड सभागार में नामित नोडल अधिकारी तहसीलदार गुन्नौर द्वारा कार्यक्रम आयोजित कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अजीत कुमार उर्फ राजू यादव, पूर्व मंत्री, तहसीलदार गुन्नौर, खण्ड विकास अधिकारी गुन्नौर एवं पूर्ति निरीक्षक तहसील गुन्नौर सहित लगभग 125 कोटेदार एवं लाभार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर 10 से 12 लाभार्थियों को अन्त्योदय कार्ड वितरित किए गए।
विधानसभा सम्भल में 170 कोटेदार एवं लाभार्थियों ने किया प्रतिभाग
विधानसभा सम्भल में विकास खण्ड सभागार में नामित नोडल अधिकारी तहसीलदार सम्भल द्वारा कार्यक्रम आयोजित कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भीष्म शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, जिला विकास अधिकारी राम आशीष,खण्ड विकास अधिकारी सम्भल प्रेम पाल सिंह,तहसीलदार सम्भल तथा पूर्ति निरीक्षक सम्भल सहित लगभग 170 कोटेदार एवं लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर 05 लाभार्थियों को अन्त्योदय कार्ड वितरित किए गए।
विधानसभा असमोली में 100 कोटेदार एवं लाभार्थी रहे उपस्थित
विधानसभा असमोली में विकास खण्ड सभागार में नामित नोडल अधिकारी क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, सम्भल द्वारा कार्यक्रम आयोजित कराया गया। कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक असमोली सहित लगभग 100 कोटेदार एवं लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर 05 लाभार्थियों को अन्त्योदय कार्ड वितरित किए गए।
सरकार की पहल से उचित दर विक्रेताओं की आय में होगी वृद्धि
प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में की गई वृद्धि से जनपद सम्भल के उचित दर विक्रेताओं को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिलेगा। साथ ही उचित दर दुकानों पर जनसेवा केंद्र एवं जन उपयोगी वस्तुओं की बिक्री की अनुमति से उनकी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित होंगे। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़, सुविधाजनक एवं जनहितकारी बनाने में सहायता मिलेगी।
