कार्यालय संवाददाता
बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों पर रेलवे की कार्रवाई, बिना बुक लगेज व गंदगी फैलाने वालों पर भी कसा शिकंजा
आगरा। बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोकथाम के लिए आगरा मंडल रेल प्रशासन द्वारा लगातार विशेष टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 21 अगस्त को रुनकता रेलवे स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान (बस रेड) चलाया गया। अभियान के दौरान 135 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 69,480 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अंकित गुप्ता के निर्देशन में आयोजित अभियान का नेतृत्व रेलवे मजिस्ट्रेट आगरा श्री अमन कुमार एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री संजय कुमार गौतम ने किया।

अभियान के दौरान रुनकता स्टेशन पर आने-जाने वाली विभिन्न ट्रेनों को रोककर विशेष टिकट जांच की गई। इनमें गाड़ी संख्या 12403, 64958, 12708, 12138, 12618, 12192, 12485, 12280, 64076 एवं 11906 शामिल रहीं। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, बिना बुक किए सामान ले जाने तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
विशेष टिकट जांच अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक श्री राशिद जमील, श्री गुलजार मोहम्मद एवं श्री अजय सोनी सहित अन्य टिकट जांच कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं जीआरपी के कर्मचारियों ने भी सहयोग किया।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगरा मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही बिना बुक किए लगेज ले जाने और रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें। निर्धारित सीमा से अधिक सामान होने पर उसे नियमानुसार बुक कराएं और रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में रेल प्रशासन का सहयोग करें।
