सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान द्वारा जिला गन्ना अधिकारी शैलेश कुमार मौर्य के साथ बैठक आहूत कर जनपद की चीनी मिलों के अवशेष चीनी स्टॉक एवं प्रतिदिन चीनी बिक्री की समीक्षा की गयी।

जिला गन्ना अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि 20 अगस्त 2026 को उप गन्ना आयुक्त, परिक्षेत्र सहारनपुर ओम प्रकाश सिंह द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में जनपद की सभी चीनी मिलों के अवशेष चीनी स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया।
चीनी मिल देवबन्द के पास 356973 कुन्तल, चीनी मिल गांगनौली के पास 34632 कु., चीनी मिल शेरमऊ के पास 76063 कु., चीनी मिल बिडवी के पास 25549 कु., चीनी मिल नानौता के पास 142853 कु., चीनी मिल सरसावा के पास 10518 कु. जनपद की चीनी मिलों के पास कुल 646588 कु. चीनी का स्टॉक अवशेष है। जनपद की चीनी मिलों के पास वर्तमान में पर्याप्त चीनी का स्टॉक है।
जिलाधिकारी द्वारा चीनी की अवैध जमाखोरी करने वालो पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश डिप्टी आरएमओ., उप सम्भागीय विपणन अधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी को दिये गये। सहायक चीनी आयुक्त को प्रतिदिन चीनी मिलों की बिक्री एवं अवशेष स्टॉक की निगरानी करने हेतु निर्देशित किया गया।
