
आगरा जिला ब्यूरो चीफ नरेश कुमार की रिपोर्ट
थाना सदर बाजार पुलिस की कार्रवाई, करीब 55 ग्राम पीली धातु व 516 ग्राम सफेद धातु के आभूषण बरामद
आगरा। पुलिस कमिश्नरेट आगरा के सिटी जोन अंतर्गत थाना सदर बाजार पुलिस ने बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए करीब 55 ग्राम पीली धातु एवं 516 ग्राम सफेद धातु के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को पीड़ित को सूचना मिली कि बेवला नैवारा ब्राह्मण स्थित उसके पैतृक आवास में चोरी हो गई है। सूचना मिलने पर जब वह अपने घर पहुंचा तो मकान के कमरों के ताले टूटे मिले। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण चोरी कर लिए थे।
घटना के संबंध में थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद मुखबिर की सूचना के आधार पर 31 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
अमित
छोटू पुत्र रमेशचंद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी सहित विभिन्न आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
बरामदगी
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किए गए पीली और सफेद धातु के विभिन्न आभूषण बरामद किए हैं। इनमें गणेश जी के लॉकेट, कान के टॉप्स, नाक की लौंग, अन्य आभूषण तथा सफेद धातु की पायल, अंगूठी और अन्य सामान शामिल है।
पुलिस टीम की इस कार्रवाई में थाना सदर बाजार के निरीक्षक एवं पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
