
संवाददाता प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से एक दिन पहले गुरुवार को भदोही नगर में कृष्ण भक्ति की मनमोहक झलक देखने को मिली। नगर के विभिन्न स्कूलों में बच्चे राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजकर पहुंचे। इसी बीच सड़क पर एक पिता अपनी मोटरसाइकिल से बेटे और बेटी को स्कूल ले जाते नजर आए। बेटा नन्हे कृष्ण के रूप में और बेटी राधा के रूप में सजी थी। दोनों को देखकर राहगीरों के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई और लोग इस मनमोहक दृश्य को देखते रहे।
नन्हे कान्हा के सिर पर मोर मुकुट, हाथ में बांसुरी और आकर्षक पोशाक थी, जबकि बेटी राधा के सुंदर श्रृंगार ने लोगों का ध्यान खींचा। पिता के साथ मोटरसाइकिल पर स्कूल जाते भाई-बहन की यह तस्वीर जन्माष्टमी के उत्साह और बच्चों में भगवान श्रीकृष्ण के प्रति आस्था की सुंदर मिसाल बनी।
जन्माष्टमी को लेकर नगर के विभिन्न स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर भजन, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। कई स्कूलों में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मंचन भी किया गया। ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ जैसे भजनों पर बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
उधर, जन्माष्टमी को लेकर भदोही नगर के मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। मंदिरों को फूलों, रंग-बिरंगी लाइटों और झालरों से सजाया जा रहा है। बाजारों में भी भगवान श्रीकृष्ण की पोशाक, मोर मुकुट, बांसुरी और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर लोगों में उत्साह दिखाई दे रहा है।
जन्माष्टमी से पहले सड़क पर राधा-कृष्ण के रूप में सजे भाई-बहन को देखकर ऐसा लगा मानो भदोही की सड़कों पर ही नन्हे राधा-कृष्ण उतर आए हों। यह दृश्य लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा और नगर में जन्माष्टमी के उल्लास का एहसास कराता नजर आया।
