सहारनपुर ।
सहारनपुर जिलाधिकारी के आदेश तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार के निर्देशों के अनुपालन में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को अवैध रूप से संचालित ‘जीवन ज्योति नशा मुक्ति केन्द्र’ को सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान एनसीडी सेल की नोडल अधिकारी शिवांका गौड़ एवं जिला सलाहकार एनटीसीपी मुदस्सर अली ने पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर थाना कुतुबशेर प्रभारी संतोष कुमार त्यागी के नेतृत्व में ग्राम मेघ छप्पर, अंबाला रोड स्थित केन्द्र पर छापेमारी की। इस दौरान एसआई विजेंद्र सिंह, एसआई आकाश तथा एसआई सुमन चाहर सहित पुलिस बल मौजूद रहा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार केन्द्र को सील किए जाने के समय वहां 36 व्यक्ति भर्ती पाए गए, जिन्हें केन्द्र संचालक द्वारा अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया।
विभाग ने बताया कि केन्द्र संचालक को पूर्व में कई नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित मानकों को पूरा नहीं किया गया। इसके बाद 15 जून 2026 को केन्द्र को बंद कर सील करने की कार्रवाई की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चेतावनी दी है कि जनपद में संचालित सभी नशा मुक्ति केन्द्रों को मानसिक स्वास्थ्य देखरेख अधिनियम-2017 के तहत राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण में पंजीकरण कराना तथा न्यूनतम निर्धारित मानकों को पूरा करना अनिवार्य है। ऐसा न करने वाले केन्द्रों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से बंदी और सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – अरविन्द कुमार सैनी
