आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
ताजगंज में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब
मंदिर के महंत, गुरुद्वारे के भाई जी और मस्जिद के इमाम ने एक साथ किया ध्वजारोहण, बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन

आगरा। स्वतंत्रता दिवस पर ताजगंज में गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द की शानदार तस्वीर देखने को मिली। ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन एवं कटरा उमर खान वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मंदिर के महंत, गुरुद्वारे के भाई जी और मस्जिद के इमाम ने एक साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश की एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम में एसीपी ताज सुरक्षा यतींद्र नागर मुख्य रूप से मौजूद रहे। पूर्व विधायक के पुत्र रविकांत दुवेश भी कार्यक्रम में शामिल हुए। ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन के संस्थापक चेतन अरोड़ा, अध्यक्ष कृष्ण मुरारी अग्रवाल, उपाध्यक्ष बृजमोहन अरोड़ा सहित रामकुमार प्रजापति, शिवनाथ जादौन, नरेश सहगल, शिवम शर्मा, अरविंद गोयल, पवन शिवहरे, स्माइल, जाहिद सिद्दीकी समेत संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

कटरा उमर खान वेलफेयर सोसाइटी की ओर से अध्यक्ष सैयद रियाज अहमद, संस्थापक डॉ. मोहित बंसल, वकील खान, बंटी ठाकुर, अंजुम भाई और नीरज सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बच्चों ने प्रस्तुतियों से बांधा देशभक्ति का समां
कार्यक्रम में ग्रीन फील्ड स्कूल के बच्चों ने ‘मां तुझे सलाम’, ‘वंदे मातरम्’ और ऑपरेशन सिंदूर सहित देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ ताजगंज से गुजर रहे पर्यटकों का भी ध्यान आकर्षित किया। हर प्रस्तुति के बाद जमकर तालियां बजीं।
आयोजकों की ओर से बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसीपी ताज सुरक्षा यतींद्र नागर ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, संस्कार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करते हैं।
तिरंगे के नीचे दिखी तीनों धर्मों की एकता
कार्यक्रम का सबसे भावुक और आकर्षक क्षण तब आया, जब मंदिर के महंत, गुरुद्वारे के भाई जी और मस्जिद के इमाम ने एक साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तीनों धर्मों के प्रतिनिधियों का एक साथ तिरंगे को सलामी देना ताजगंज की गंगा-जमुनी तहजीब की जीवंत तस्वीर बन गया।
इस दृश्य का कार्यक्रम में मौजूद लोगों और पर्यटकों ने तालियों के साथ स्वागत किया। कई लोगों ने इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया।
ताजगंज से देश को भाईचारे का संदेश
ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण का पर्व नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेने का दिन है। मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारे के प्रतिनिधियों का एक मंच पर आकर तिरंगा फहराना इसी भावना का प्रतीक है।
ताजमहल की नगरी आगरा से निकली इस तस्वीर ने एक बार फिर संदेश दिया कि धर्म और पूजा पद्धतियां अलग हो सकती हैं, लेकिन तिरंगा सभी का है और भारत सभी का है।
