बहराइच। जिले के ब्लॉक कैसरगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत मीरपुर चिलवा में प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों का मीडिया टीम ने मौके पर जाकर जायजा लिया। इस दौरान ग्राम पंचायत के मजरा संग्राम पुरवा तथा अर्जुन पुरवा नई बस्ती के निवासी/ नेम कुमार चौहान किसान कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष वा कई कई ग्रामीणों ने समस्याएं उजागर कीं।

ग्रामीणों के अनुसार, संग्रामपुरवा में स्थित प्राथमिक विद्यालय तक पहुंचने का रास्ता बेहद खराब है। बरसात के दिनों में रास्ते पर कीचड़ भर जाने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी होती है। विद्यालय के आसपास उगी झाड़ियां और जंगल भी बच्चों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे बच्चों को पढ़ाई के लिए असुविधाजनक माहौल का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, विद्यालय के पास निर्मित सामुदायिक शौचालय और कूड़ेदान पर ताला लटका मिला।
ग्रामीणों का आरोप है कि सामुदायिक शौचालय का निर्माण हुए कई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक इसे आम लोगों के उपयोग के लिए नहीं खोला गया। इतना ही नहीं, शौचालय के सामने फूस और टट्टर लगाकर उसे ढका हुआ पाया गया।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पिछले पांच वर्षों में ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए। इस दौरान कई ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं भी मीडिया के सामने रखीं।
