
चकइनायत लोहराना गली से निकला जुलूस, मेन रोड से राजपुरा होते हुए उगापुर नहर पहुंची शोभायात्रा
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। विश्वकर्मा पूजा के बाद शुक्रवार शाम चकइनायत लोहराना गली का माहौल भक्तिमय हो उठा। शिल्पदेव भगवान विश्वकर्मा बाबा की प्रतिमा की विसर्जन शोभायात्रा ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन के बीच धूमधाम से निकाली गई। आगे बढ़ती शोभायात्रा के साथ ‘विश्वकर्मा बाबा की जय’ के जयकारे गूंजते रहे। युवा श्रद्धालु उत्साह में झूमते नजर आए तो महिलाएं भी बड़ी संख्या में जुलूस में शामिल रहीं।

चकइनायत लोहराना गली से शुरू हुई शोभायात्रा मेन रोड पहुंची तो सड़क किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद जुलूस तकिया कल्लन शाह और राजपुरा होते हुए आगे बढ़ा। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

ढोल-नगाड़ों की थाप और जयकारों से देर शाम तक आसपास का माहौल भक्तिमय बना रहा।
राजपुरा में श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। कुछ देर ठहरने के बाद शोभायात्रा उगापुर नहर की ओर रवाना हुई। जुलूस के साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे और मार्ग पर व्यवस्था संभालते नजर आए।
पूजा-अर्चना के बाद नहर में विसर्जन
उगापुर नहर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा बाबा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्रद्धा और जयकारों के बीच प्रतिमा का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा से परिवार, समाज और कारोबार में सुख-समृद्धि की कामना की।
शोभायात्रा में समिति के अध्यक्ष अमित विश्वकर्मा, संरक्षक प्रदीप कुमार विश्वकर्मा ‘दीपू’, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बाल विद्या विकास यादव, लालचंद्र विश्वकर्मा, समरजीत, रिंकू, उमेश चंद्र, मूलचंद्र विश्वकर्मा, सभासद अरविंद मौर्य, गिरधारी जायसवाल, करुणा शंकर दुबे, केके श्रीवास्तव, भरत जायसवाल, पप्पू श्रीवास्तव, संतोष मोदनवाल, कमला विश्वकर्मा, अमन विश्वकर्मा, पंकज, रौनिक, आदर्श, संस्कार, गोलू, प्रियांशु, नीरज, आदित्य, अंशु विश्वकर्मा, रजत विश्वकर्मा और ओम मोदनवाल सहित दर्जनों कार्यकर्ता व श्रद्धालु मौजूद रहे।
