पीड़ित परिवारों को बांटी राहत सामग्री, हरसंभव सरकारी मदद का दिया भरोसा
विजयीपुर, फतेहपुर। लगातार बारिश से विजयीपुर ब्लॉक के अमनी और गोदोरा ग्राम पंचायतों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। मुख्य रास्तों पर पानी भरने के साथ कई कच्चे मकान ढह गए हैं।

मंगलवार को खागा विधायक एवं पशुधन तथा दुग्ध विकास राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने जलभराव वाले मार्गों और क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से बातचीत की।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रभावित परिवारों को कपड़े, बर्तन और अन्य आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई।
उन्होंने कहा कि बारिश और जलभराव से हुए नुकसान का प्रशासन आकलन कर रहा है तथा शासन की ओर से प्रत्येक प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अश्वनी पांडे, सीओ खागा, किशनपुर थाना प्रभारी मनीष कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष खागा बृजेश सिंह, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष जुगेश सिंह, विमलेश पांडे, धर्मेंद्र सिंह परिहार, अनिल त्रिपाठी, ग्राम पंचायत सचिव शिवनंदन सिंह, आकाश सिंह, राजस्व लेखपाल तथा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने जलभराव की स्थायी निकासी व्यवस्था और क्षतिग्रस्त मकानों के लिए शीघ्र आर्थिक सहायता की मांग रखी। राज्यमंत्री ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
