पुलिस दर्पण रिपोर्टर कृष्ण चंद्र शुक्ला
श्रावस्ती। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में भोजन में कीड़ा मिलने के आरोप के बाद छात्रों ने बारिश के बीच सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता समेत विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम और डीएसपी ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी समस्याओं के समाधान और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग करते रहे। छात्रों ने विद्यालय में भोजन व्यवस्था सहित अन्य समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग भी विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और पूरे मामले की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने विद्यालय की भोजन व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने छात्रों को जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। फिलहाल प्रशासनिक टीम विद्यालय की व्यवस्थाओं और भोजन की गुणवत्ता से संबंधित आरोपों की जांच में जुटी है। अधिकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।
