लाखों की लागत से बना आरआरसी सेंटर बना बदहाली का शिकार, कूड़ा निस्तारण व्यवस्था पर उठे सवाल
उन्नाव । नवाबगंज, अजगैन कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज विकास खंड अंतर्गत इटकुटी ग्राम पंचायत में लाखों रुपये की लागत से निर्मित आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) एवं कूड़ा निस्तारण केंद्र बदहाली का शिकार होता नजर आ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार निर्माण के कुछ ही समय बाद केंद्र की स्थिति जर्जर हो गई है और वर्तमान में यह उपयोग के बजाय खंडहर में तब्दील होता दिखाई दे रहा है।
स्थल पर उगी झाड़ियां, क्षतिग्रस्त छत और उपेक्षा की तस्वीरें यह दर्शाती हैं कि केंद्र का रखरखाव लंबे समय से नहीं किया गया है। स्वच्छता अभियान के तहत बनाए गए इस केंद्र का उद्देश्य गांव के कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करना था, लेकिन वर्तमान हालात इसके विपरीत नजर आते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद केंद्र का समुचित उपयोग नहीं हो रहा है, जिससे सरकारी धन के सदुपयोग पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराकर केंद्र को पुनः संचालित कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत में बने इस आरआरसी सेंटर की दुर्दशा स्वच्छता व्यवस्था की जमीनी हकीकत को उजागर कर रही है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस ओर कब तक ध्यान देता है और केंद्र को उसकी मूल उपयोगिता के अनुरूप पुनर्जीवित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
