
72,658 मामले निस्तारण के लिए आए थे, राजस्व और प्रशासन से जुड़े 54,175 मामलों का भी हुआ समाधान
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही, जनपद न्यायालय परिसर ज्ञानपुर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न न्यायालयों और प्रशासनिक एवं राजस्व विभागों से जुड़े 72,658 मामले निस्तारण के लिए रखे गए। इनमें से 58,039 मामलों का निपटारा किया गया।
लोक अदालत का शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश अमित वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत मामलों के समाधान का सरल और सस्ता माध्यम है। इसमें दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का समाधान किया जाता है। इससे किसी पक्ष की हार या जीत नहीं होती और लोगों का समय व पैसा बचता है।
बैंक से जुड़े प्री-लिटिगेशन मामलों में 3,75,30,132 रुपये की वसूली कराई गई। एनआई एक्ट के मामलों में 8,68,000 रुपये और बिजली बिल के बकाये से जुड़े मामलों में 15,13,207 रुपये की समझौता राशि तय की गई।
न्यायिक अधिकारियों ने भी बड़ी संख्या में मामलों का निपटारा किया। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय रत्नेश मणि त्रिपाठी ने 36 वैवाहिक मामलों का समाधान किया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी बंश बहादुर यादव ने 20 मामलों और स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष पवन कुमार तिवारी ने एक मामले का निपटारा किया।
अपर जिला जज द्वितीय पुष्पा सिंह ने 111, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आनन्द मिश्रा ने 1,498 और अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आशीष कुमार सिंह ने 339 मामलों का निस्तारण किया। अपर जिला जज/पॉक्सो प्रथम लोकेश कुमार मिश्रा ने बैंक के प्री-लिटिगेशन से जुड़े 832 मामलों का निपटारा किया।
इसके अलावा प्रशासनिक और राजस्व विभाग से जुड़े 54,175 मामलों का भी समाधान किया गया। लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए अपर जिला जज द्वितीय पुष्पा सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया था। बैंक के एनपीए खातों में लंबित ऋण की वसूली के लिए प्री-लिटिगेशन स्तर पर अलग पीठ का गठन किया गया था।
आयोजन में न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और अधिवक्ता मौजूद रहे।
