
आगरा ब्यूरो कार्यालय संवाददाता
राहुल शर्मा के जन्मदिवस पर ‘रक्तवीर दिवस’, महा रक्तदान शिविर में सैकड़ों लोगों के जुटने की उम्मीद……
आगरा। देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के परिवारों के सम्मान और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ आगरा में 13 सितंबर को महा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। युवा समाजसेवी राहुल शर्मा के जन्मदिवस के अवसर पर इस दिन को ‘रक्तवीर दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। शिविर में शहर के सैकड़ों युवाओं और आम नागरिकों के रक्तदान करने की उम्मीद है।
शिविर की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में प्राचीन मनकामेश्वर मंदिर के महंत योगेशपुरी जी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. डी.वी. शर्मा, पूर्व महापौर प्रत्याशी एवं सपा प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी, युवा समाजसेवी राहुल शर्मा और विकास भारद्वाज ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
वक्ताओं ने कहा कि देश के सैनिक सीमा पर अपने रक्त और प्राणों की बाजी लगाकर राष्ट्र की रक्षा करते हैं। ऐसे वीर जवानों और उनके परिवारों के सम्मान के साथ जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने के लिए रक्तदान करना समाज की जिम्मेदारी है। रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सेवा है।
कार्यक्रम में शुभम त्यागी, लिल्ली गोयल, रवि शर्मा, हर्ष कौशिक और अनिल शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस मानवीय अभियान को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। आयोजकों ने लोगों से अपील की कि वे रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में सहभागी बनें और ‘रक्तवीर दिवस’ को सामाजिक सेवा की एक मजबूत मिसाल बनाएं।
