आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
ऑटो में बैठते ही बन जाते थे शिकार, 17 हजार रुपये और मोबाइल छीनकर हैसुनसान जगह उतार देते थे यात्री, तीन गिरफ्तार; एक फरार
आगरा। शहर में ऑटो में बैठने वाले यात्रियों को निशाना बनाने वाले शातिर लुटेरे गिरोह का थाना हरीपर्वत पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। आरोपियों के कब्जे से छिनैती के 7,080 रुपये, एक चोरी का मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त ऑटो और एक अवैध चाकू बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, 25 जून को एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ किलकारी अस्पताल से रामबाग जाने के लिए एक ऑटो में बैठा था। ऑटो में पहले से ही दो-तीन युवक सवार थे। कुछ दूर पहुंचने पर आरोपियों ने दंपती से 17 हजार रुपये छीन लिए और उन्हें सुल्तानगंज पुलिया के पास उतारकर फरार हो गए।

पीड़ित की तहरीर पर थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गोल्ड मुहर फैक्ट्री, नगला महादेव फ्रीगंज क्षेत्र से फरमान उर्फ अऊआ, शानू और करन दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने फरार साथी अल्ताफ के साथ मिलकर शहर के अलग-अलग इलाकों से सीधे-साधे लोगों को ऑटो में बैठाते थे। इसके बाद उनसे रुपये और मोबाइल फोन छीनकर उन्हें सुनसान स्थानों पर उतार देते थे। छीने गए मोबाइल फोन राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देते थे और लूटी गई रकम आपस में बांट लेते थे। आरोपी शानू यात्रियों को डराने-धमकाने के लिए अपने पास चाकू रखता था।
पुलिस अब फरार आरोपी अल्ताफ, निवासी रामगढ़, फिरोजाबाद की तलाश में दबिश दे रही है। इस कार्रवाई को शहर में सक्रिय ऑटो गैंग के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
