आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
आगरा / प्रयागराज, उत्तर मध्य रेलवे के नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) के रूप में डॉ. शिवम शर्मा ने शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने यह जिम्मेदारी श्री शशिकांत त्रिपाठी के मुख्य यातायात योजना प्रबंधक के पद पर पदोन्नत होने के बाद संभाली है।

डॉ. शिवम शर्मा इससे पहले प्रयागराज मंडल में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। उल्लेखनीय है कि मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के रूप में यह उनका दूसरा कार्यकाल है। इससे पहले वह वर्ष 2021-22 में भी इस पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
वर्ष 2011 बैच के भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) अधिकारी डॉ. शर्मा रेलवे में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, उप मुख्य दावा अधिकारी तथा मंडल ट्रैफिक मैनेजर, टूंडला जैसे अहम पदों पर कार्य किया है। उप मुख्य दावा अधिकारी के रूप में प्रयागराज में रेलवे दावा अधिकरण की पीठ स्थापित कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके लिए उन्हें अधिकरण की प्रधान पीठ के अध्यक्ष द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।
रेलवे के अलावा डॉ. शर्मा भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) में प्रतिनियुक्ति पर निदेशक और बाद में उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र, सोनीपत के क्षेत्रीय निदेशक भी रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने खेलों के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू कराया। वर्ष 2024 के पेरिस ओलंपिक में वह भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी रहे थे।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से डेंटल सर्जरी में स्नातक डॉ. शिवम शर्मा को उत्तर मध्य रेलवे का ऊर्जावान और गतिशील अधिकारी माना जाता है। रेलवे प्रशासन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में जनसंपर्क व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा आधुनिक बनाया जाएगा।
