संवाददाता : प्रिंस गुप्ता, पुलिस दर्पण भदोही
भदोही, 26 जुलाई। केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को ज्ञानपुर में हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है। सड़क जाम कर यातायात बाधित करने तथा भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनय कुमार पांडेय उर्फ ‘गोरेलाल’ पर कथित हमले के आरोप में 9 नामजद समेत दर्जनों लोगों को आरोपी बनाया गया है।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को बिना अनुमति निकाले गए जुलूस के दौरान प्रदर्शनकारी पाल चौराहे पर पहुंचकर सड़क पर बैठ गए और सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए यातायात बाधित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी और आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी।

इस मामले में चौकी प्रभारी कस्बा प्रमोद सिंह यादव की तहरीर पर थाना ज्ञानपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2) और 127(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में विमल मिश्रा, शुभम यादव, विकास यादव, चांद बाबू, सी.एल. यादव, रिजवान अली, रोहन यादव, धीरज दुबे और लकी सोनकर को नामजद किया गया है, जबकि 40-50 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है।
इसी घटनाक्रम के दौरान भाजपा नेता एवं पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष विनय कुमार पांडेय उर्फ ‘गोरेलाल’ ने अपने ऊपर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए थाना ज्ञानपुर में तहरीर दी। प्राथमिकी के अनुसार, वह अपने सहयोगियों के साथ स्कॉर्पियो से भाजपा कार्यालय जा रहे थे, तभी केएनपीजी कॉलेज और पाल तिराहे के बीच कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली, वाहन का शीशा तोड़ दिया, गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस घटना में उनके घायल होने की बात भी तहरीर में कही गई है।
हमले के मामले में भी वही 9 नामजद आरोपी शामिल किए गए हैं तथा अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों की विवेचना शुरू कर दी है और जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक प्रमोद सिंह यादव को सौंपी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उपलब्ध वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। ज्ञानपुर में प्रदर्शन के बाद दर्ज हुए इन मुकदमों को लेकर स्थानीय राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है।
