बरेली (पुलिस दर्पण)
बरेली । उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने साधना नामक महिला को गिरफ्तार किया है, जिस पर खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी बताकर युवक अभिषेक कुमार से शादी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने सोशल मीडिया पर फर्जी फोटो और वीडियो पोस्ट कर खुद को आईएएस अधिकारी के रूप में प्रस्तुत किया। इसी दौरान उसकी पहचान अभिषेक कुमार से हुई और दोनों परिवारों की सहमति से शादी हो गई।

शिकायत के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद अभिषेक को पता चला कि उसकी पत्नी आईएएस अधिकारी नहीं, बल्कि एक सामान्य स्नातक (बीएससी) शिक्षित युवती है, जो सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी। आरोप है कि विरोध करने पर महिला ने पति और उसके परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी तथा ₹40 लाख की मांग की। इतना ही नहीं, परिवार पर लगभग 20 बीघा जमीन बेचकर अस्पताल खोलने के लिए पैसे जुटाने का दबाव भी बनाया गया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि महिला ने उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सोशल मीडिया पर इस्तेमाल किए गए कथित फर्जी दस्तावेजों व पोस्ट की भी जांच की जा रही है
