महोबा। जिलाधिकारी महोबा गजल भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह ने कोतवाली नगर क्षेत्र के रायपुरा गांव में जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों एवं स्कूली विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया।

जन चौपाल में ग्रामीणों ने सड़कों की खराब स्थिति, जलभराव तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों को बिंदुवार दर्ज कराया तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। अधिकारियों ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान महोबा प्रशासन एवं पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों से भी बातचीत की गई। अधिकारियों ने बच्चों को जागरूक, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया कि प्रशासन उनकी शिकायतों के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।
डीएम गजल भारद्वाज और एसपी शशांक सिंह ने आमजन से अपील की कि किसी भी समस्या की जानकारी सीधे प्रशासन और संबंधित विभागों को दें। उन्होंने कहा कि सड़क जाम या अन्य प्रकार के अवरोध से यातायात, एंबुलेंस, अग्निशमन और जरूरी सेवाएं प्रभावित होती हैं, जिससे आम लोगों को असुविधा होती है।
अधिकारियों ने लोगों को संवाद और कानूनी माध्यमों से समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रेरित किया। जन चौपाल में मौजूद ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया।
