रामपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत रविवार को हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चंदन कोटा स्थित गौशाला परिसर में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी नींव रखते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी माँ और धरती माँ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कम से कम एक पौधा “माँ के नाम” अवश्य लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति संरक्षण, हरित विकास और पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का एक व्यापक जन आंदोलन है। अधिक से अधिक वृक्षारोपण से जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने में भी सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर डीएफओ अमरोहा राजीव कुमार, क्षेत्राधिकारी वन हसनपुर नरेश कुमार, डिप्टी रेंजर सुमित राठी, आदमपुर मंडल अध्यक्ष राजीव गोयल, जिला पंचायत सदस्य शीशराम सिंह जाटव, क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेन्द्र खड़गवंशी, बीडीओ गंगेश्वरी विजय कुमार सक्सेना, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन पूर्ण सिंह खड़गवंशी, प्रधान संघ अध्यक्ष यशपाल प्रधान, ग्राम प्रधान चंदन कोटा श्रीमती कश्मीरी देवी, ग्राम प्रधान कोकापुर रतन सिंह, ग्राम प्रधान बिजनौर हेमराज सिंह गुर्जर, ग्राम प्रधान हुसैनपुर महेंद्र प्रजापति, ग्राम प्रधान दरियापुर हेतराम सिंह, प्रधानपुत्र गिरीश सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। यह आयोजन क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बना।
