आंवला (पुलिस दर्पण)। विश्व पर्यावरण दिवस पर बरेली की आंवला तहसील में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुक्रवार सुबह 11 बजे तहसील परिसर में एसडीएम विदुषी सिंह के नेतृत्व में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर तहसील के प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। परिसर में छायादार और फलदार पौधे रोपे गए। तहसीलदार बृजेश कुमार वर्मा, नायब तहसीलदार प्रतिष्ठा साहू और पूर्ति निरीक्षक शिखा पांडे ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसी क्रम में, आंवला रेंज के रामनगर सेक्शन में भी विश्व पर्यावरण दिवस पर एक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यहां भी एसडीएम विदुषी सिंह मुख्य अतिथि रहीं और उन्होंने स्वयं पौधे रोपे।
रामनगर कार्यक्रम में तहसीलदार बृजेश वर्मा, भाजपा मंडल महामंत्री अविनाश मौर्य, रामनगर ब्लॉक प्रमुख मित्र पाल सिंह और उप क्षेत्रीय वन अधिकारी अवनेश गंगवार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों और वन विभाग के अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए कई फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया। उन्होंने ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों के साथ-साथ वन विभाग के राम शरण वन दरोगा, वन रक्षक अमित कुमार, नितिन कुमार, अजय गंगवार और महेश चंद्र सहित क्षेत्र के कई संभ्रांत लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
