बरेली । थाना सिरौली क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के महज 17 दिन बाद ही एक 20 वर्षीय नवविवाहिता का जीवन दुपट्टे के फंदे पर आकर थम गया। गत 23 जून को जिस बेटी को परिजनों ने हंसी-खुशी ससुराल के लिए विदा किया था, 10 जुलाई की सुबह उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के पंखे से लटकता मिला। घटना के बाद से मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मचा है, वहीं गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

घटना के संबंध में मृतका दीपा के पति आकाश का दावा है कि वह रात को एक दावत से लौटकर आया था। इसके बाद दोनों ने साथ में खाना खाया और सोने चले गए। सुबह जब उसकी आंख खुली, तो पत्नी का शव फंदे पर झूलता मिला।
हालांकि, इस थ्योरी ने कई गंभीर सवालों को जन्म दे दिया है। सवाल उठ रहा है कि एक ही कमरे में पत्नी इतना बड़ा आत्मघाती कदम उठा लेती है और साथ सो रहे पति को भनक तक नहीं लगती? क्या यह वाकई आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है, इसकी जांच की जा रही है।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आ रहा है कि एक तरफ जहां मृतका का शव पोस्टमार्टम हाउस में रखा है, वहीं दूसरी तरफ बंद कमरों में दोनों पक्षों के बीच ‘सुलह-समझौते’ की कथित बाजार गर्म है। स्थानीय सूत्रों की मानें तो मामले को रफा-दफा करने के लिए पर्दे के पीछे से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में यह बड़ा सवाल है कि क्या एक बेटी की संदिग्ध मौत का सच चंद रुपयों और वादों की भेंट चढ़ जाएगा?
”शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
— रोहित कुमार, थाना प्रभारी, सिरौली
जांच रिपोर्ट पर टिकीं निगाहें
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सामाजिक ताने-बाने और नवविवाहिताओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 17 दिन पहले जिस घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब मातम है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से तफ्तीश कर रही है और हर किसी की नजरें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस मौत के पीछे के असली सच का खुलासा करेगी।
रिपोर्टर प्रवीन कुमार सक्सेना बरेली
