
आगरा। ताजमहल के आसपास साफ-सफाई और सुंदरता को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में जगह-जगह बिजली के खंभों पर डिस्क केबल, इंटरनेट और फाइबर केबलों का बेतरतीब जाल लगा हुआ है। कहीं तार खंभों पर उलझे हैं तो कहीं जमीन तक लटक रहे हैं। इससे क्षेत्र की खूबसूरती और ताजमहल की अंतरराष्ट्रीय छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

ताजगंज क्षेत्र के व्यापारियों का कहना है कि सेवाराम गली, डॉ. गनी सर्जिकल दवाखाना फाटक सहित आसपास के कई स्थानों पर खंभों की स्थिति बेहद खराब है। स्थानीय दुकानदारों द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया है कि कई इंटरनेट के तार नीचे तक लटक रहे हैं और कुछ तार जमीन पर पड़े हैं। इससे राहगीरों के सिर में तार फंसने, वाहन चालकों को परेशानी होने तथा किसी व्यक्ति या पशु के तारों में उलझकर घायल होने का खतरा बना हुआ है।
व्यापारियों का आरोप है कि डिस्क और इंटरनेट कंपनियों द्वारा बिना उचित व्यवस्था के केबल बिछाए जाने के बाद पुराने और अनुपयोगी तारों को हटाया नहीं जाता, जिसके चलते हर खंभे पर तारों का मकड़जाल बढ़ता जा रहा है। फोटो में भी खंभों पर बड़ी संख्या में केबलों के उलझे हुए बंडल साफ दिखाई दे रहे हैं।
ताजमहल के 500 मीटर के अंदर का क्षेत्र देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में जहां स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण होना चाहिए, वहां खंभों पर लटकते तार शहर की छवि को खराब कर रहे हैं। आगरा आने वाले पर्यटक इन अव्यवस्थित तारों को देखकर शहर की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा सकते हैं।
ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन ने नगर निगम आगरा और संबंधित विभागों से तत्काल अभियान चलाकर अवैध, अनुपयोगी एवं लटकते इंटरनेट/फाइबर केबल हटाने तथा सभी केबलों को व्यवस्थित कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित कंपनियों को भी निर्देशित करने की मांग की गई है कि वे अपने तारों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित करें।
व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो किसी दिन तारों के कारण बड़ा हादसा हो सकता है। इसलिए नगर निगम एवं संबंधित विभागों को केवल शिकायत के बाद कार्रवाई करने के बजाय ताजमहल के 500 मीटर क्षेत्र में नियमित निरीक्षण कर तारों के इस मकड़जाल को पूरी तरह समाप्त करना चाहिए।
“ताजमहल की खूबसूरती केवल स्मारक तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके आसपास का पूरा क्षेत्र भी आगरा की पहचान है। इस क्षेत्र को तारों के मकड़जाल से मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।”
