ब्यूरो रिपोर्ट आगरा
आगरा। आगरा छावनी के सभी आठों वार्डों में व्याप्त पेयजल समस्या को लेकर मंगलवार को छावनी परिषद के पूर्व चेयरमैन डॉ. पंकज महेंद्रू ने क्षेत्रीय जनता के साथ छावनी परिषद कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध दर्ज कराया। उन्होंने छावनी क्षेत्र में पेयजल समेत अन्य जनसमस्याओं के समाधान में अधिकारियों की कथित लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी।

डॉ. पंकज महेंद्रू क्षेत्रीय लोगों के साथ छावनी परिषद के सफाई विभाग से जुड़े अधिकारी मनीष नायर, छावनी शिक्षा विभाग, बड़े बाबू कुलविंदर सिंह, इंजीनियर राजदीप सहित अन्य अधिकारियों के कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से छावनी के सभी आठों वार्डों में विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की स्थिति पर सवाल किए और कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है।
इस दौरान डॉ. महेंद्रू ने छावनी परिषद में कथित भ्रष्टाचार और निजी स्तर पर भर्ती किए जाने को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि रिश्वत लेकर प्राइवेट भर्ती की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
डॉ. महेंद्रू ने छावनी परिषद के प्राइवेट लीगल एडवाइजर शील सौरभ पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अब ऐसा प्रतीत होता है कि आगरा छावनी परिषद का संचालन ही शील सौरभ के हाथों में है। उनके इस बयान से छावनी परिषद की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत में डॉ. पंकज महेंद्रू ने कहा कि छावनी परिषद कार्यालय में व्याप्त कथित अव्यवस्थाओं को दूर कराने के लिए अब क्षेत्र की जनता की आवाज मजबूती से उठानी होगी। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत समस्या का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है।
हर सप्ताह होगा छावनी परिषद का घेराव
डॉ. महेंद्रू ने ऐलान किया कि अब प्रत्येक सप्ताह क्षेत्रीय जनता के साथ छावनी परिषद का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक छावनी क्षेत्र की जटिल जनसमस्याओं का समाधान नहीं हो जाता।
पेयजल संकट को लेकर छावनी क्षेत्र में शुरू हुए इस आंदोलन से आने वाले दिनों में छावनी परिषद और स्थानीय जनता के बीच टकराव बढ़ने के आसार दिखाई दे रहे हैं।
