
नाला पटरी के पास बेखौफ हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम, मौके पर मौत से मचा हड़कंप
शामली।सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। नाला पटरी के पास अज्ञात हमलावरों ने चर्चित हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कई गोलियां लगने से अंकित की मौके पर ही मौत हो गई।
भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाने से आया था सुर्खियों में अंकित बालियान हरियाणवी संगीत जगत में चर्चित चेहरा था। ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाने के बाद वह काफी सुर्खियों में आया था। वह शामली के बनतीखेड़ा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश में नाकाबंदी और चेकिंग अभियान शुरू किया गया है।
सरेआम हुई इस हत्या ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर अंकित बालियान की हत्या क्यों की गई और इसके पीछे कौन है? पुलिस अब हत्या की वजह, हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की पूरी कहानी खंगालने में जुटी है। शामली में सिंगर की गोलियों से हत्या के बाद सनसनी—पुलिस के सामने हत्यारों को पकड़ने की बड़ी चुनौती!
