संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
सीतामढ़ी, भदोही। सीतामढ़ी स्थित दयावंती पुंज मॉडल स्कूल में साइबर थाना/साइबर सेल भदोही की टीम ने साइबर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए।

साइबर टीम ने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी केवाईसी, ओटीपी और यूपीआई पिन की ठगी, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर होने वाली ठगी के बारे में जानकारी दी। टीम ने बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर उनकी बैंक संबंधी और निजी जानकारी हासिल करते हैं।
टीम ने छात्रों को सलाह दी कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी या जरूरी दस्तावेज साझा न करें। इसके अलावा किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान व्यक्ति के साथ ऑनलाइन लेन-देन करने से भी बचें। फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल से सावधान रहने की भी अपील की गई।
साइबर टीम ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण सहित करीब 150 से 200 छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित तरीके से इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया।
