बस स्टैंड से चित्रांगन लॉन तक निकली यात्रा, स्कूली बच्चों ने बढ़ाया उत्साह
संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
ज्ञानपुर, भदोही। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को जिला मुख्यालय ज्ञानपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा ज्ञानपुर बस स्टैंड से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए चित्रांगन लॉन पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, स्कूली बच्चों और आम लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। देशभक्ति गीतों और तिरंगों से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में नजर आया। रास्ते में लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत भी किया।

यात्रा में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुरुद्ध त्रिपाठी और पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी शामिल रहे। इनके अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष हौशीला प्रसाद पाठक, संतोष पाण्डेय, विनय श्रीवास्तव, ओमप्रकाश तिवारी ‘टंकी गुरु’, कन्हैया लाल मिश्रा, शैलेंद्र दुबे, अशोक जायसवाल, ब्रिजेश कुमार गुप्ता, लालता सोनकर,विनय पांडेय, गोरेलाल, मनीष पांडेय, विनोद सोनकर, मनीषा, सपना दुबे, स्नेहलता श्रीवास्तव, विनीत बरनवाल, राजेंद्र दुबे और अखंड प्रताप सिंह कामता चौरसिया प्रज्वल बरनवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा में जिलाधिकारी शैलेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला समेत प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। अधिकारियों ने लोगों के साथ तिरंगा लेकर यात्रा में भाग लिया और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।
स्कूली बच्चों की भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही। छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। बच्चों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए, जिससे यात्रा का उत्साह और बढ़ गया।
चित्रांगन लॉन पहुंचने के बाद तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। यहां अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों में देशप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना बढ़ाना है। सभी लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की गई।
तिरंगा यात्रा के दौरान युवाओं, बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों की एकजुट भागीदारी देखने को मिली। यात्रा ने लोगों को देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
