ज्ञानपुर (भदोही)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ज्ञानपुर में आयोजित समारोह में भदोही के कालीन उद्योग में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ग्लोबल ओवरसीज के संचालक एवं सीईपीसी के प्रशासनिक सदस्य संजय गुप्ता को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें औद्योगिक क्षेत्र में योगदान, उद्यमिता, रोजगार सृजन तथा जनपद के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में सराहनीय भूमिका निभाने के लिए प्रदान किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री रविन्द्र जायसवाल एवं जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने संजय गुप्ता को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की। प्रशस्ति पत्र में कहा गया कि संजय गुप्ता ने उद्यमिता और रोजगार सृजन के साथ-साथ भदोही के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कालीन उद्योग से जुड़े संजय गुप्ता के परिश्रम, समर्पण और दूरदर्शिता ने स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ ही भदोही की पहचान को देश-विदेश में मजबूत करने में योगदान दिया है। उनके सामाजिक उत्तरदायित्व और उद्योग के प्रति समर्पण को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से उन्हें यह सम्मान दिया गया।
संजय गुप्ता गोपीगंज नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रहलाद दास गुप्ता के पुत्र हैं। उनके सम्मानित होने की खबर से कालीन उद्योग से जुड़े लोगों, उद्यमियों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
लोगों ने कहा कि संजय गुप्ता को मिला यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि भदोही की विश्व प्रसिद्ध कालीन नगरी और यहां के पूरे कालीन उद्योग के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान जिले के युवा उद्यमियों को उद्योग, रोजगार और आर्थिक विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
प्रशस्ति पत्र मिलने पर संजय गुप्ता को क्षेत्रवासियों एवं शुभचिंतकों ने हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की।
