
नई बाजार (भदोही)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत नई बाजार कार्यालय परिसर में शनिवार को शान से तिरंगा फहराया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष निर्मला लालता सोनकर एवं अधिशासी अधिकारी सुजीत कुमार ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान नगर पंचायत के विकास, स्वच्छता और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के समस्त सभासद, अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश दिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत कार्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया।
