एक परिसर में प्री-प्राइमरी से 12वीं तक की पढ़ाई
पुलिस दर्पण रिपोर्टर कृष्ण चंद्र शुक्ला
देवीपाटन मंडल। “शिक्षित देवीपाटन, विकसित देवीपाटन” के तहत मंडल के चारों जनपदों श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर और बहराइच में अत्याधुनिक मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 30 करोड़ रुपये प्रति विद्यालय की लागत से बनने वाले इन विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।

प्रदेश स्तर पर विधानसभा क्षेत्रवार करीब 4,500 करोड़ रुपये के निवेश से 150 मॉडल विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक साइंस व आईसीटी लैब, ऑडिटोरियम, खेल सुविधाएं, हॉस्टल, परिवहन और 1,400 से अधिक विद्यार्थियों की क्षमता वाला डाइनिंग हॉल बनाया जाएगा।

फेज-01 में बहराइच के तेजवापुर में निर्माण लगभग पूरा होकर फिनिशिंग चरण में है। बलरामपुर में छत निर्माण जारी है, जबकि श्रावस्ती के हरिहरपुररानी में भवन की छत का कार्य प्रगति पर है। वहीं गोंडा के झंझरी में भूमि पूजन के बाद निर्माण शुरू हो चुका है।
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि इन विद्यालयों से बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा और ड्रॉपआउट में कमी के साथ रिटेंशन दर में सुधार होगा।
