
पुलिस दर्पण बहराइच रिपोर्टर कृष्ण चंद्र शुक्ला
बहराइच। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीपुर पुलिस ने श्रावस्ती जनपद से 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त अनवर अली पुत्र रमजान अली निवासी बेनीपुरवा दा. सरवा, थाना रानीपुर, बहराइच है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान रानीपुर पुलिस टीम ने दुर्गूपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर अनवर अली को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बहराइच, श्रावस्ती और गोंडा जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट, अवैध हथियार, धमकी, मारपीट समेत डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए श्रावस्ती पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष हरेंद्र नाथ राय, व0उ0नि0 रामकेश, उ0नि0 रणव प्रकाश सिंह, कांस्टेबल भगवानदीन, राकेश भारती, नंद किशोर यादव और राहुल गौड़ शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
