सहारनपुर । स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फिटनेस जांच में गंभीर खामियां मिलने पर एक स्कूल बस को तत्काल फेल कर दिया। आरटीओ की इस कार्रवाई से स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया। विभाग ने दो टूक कहा कि बच्चों की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी वाहन को सड़क पर नहीं दौड़ने दिया जाएगा।

फिटनेस जांच के दौरान बस में सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर कमियां उजागर हुईं। बस का ब्रेक सिस्टम और लाइटें खराब मिलीं, जबकि सीट बेल्ट, इमरजेंसी एग्जिट, फर्स्ट एड बॉक्स और फायर एक्सटिंग्विशर जैसी अनिवार्य व्यवस्थाएं भी नदारद थीं। जांच में बस के घिसे हुए टायर, जर्जर बॉडी और ओवरलोडिंग के संकेत भी सामने आए, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका जताई गई।
आरटीओ अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को 15 दिनों के भीतर सभी कमियां दूर कर दोबारा फिटनेस परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। तब तक बस के संचालन पर रोक रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को केवल फिटनेस प्रमाणित और सुरक्षित स्कूल वाहनों से ही भेजें। यदि किसी स्कूल वाहन में सुरक्षा संबंधी खामी दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत परिवहन विभाग को दें।
आरटीओ का साफ संदेश— “बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्ट – अरविन्द कुमार सैनी
