बाराबंकी । जनपद बाराबंकी के तहसील फतेहपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बाबाकुटी रोड पर हुए

सड़क हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल हुए व्यक्ति को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया।
भटहा बिलौली जाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिराज (45) पुत्र हसमत निवासी ग्राम सैलखिया, थाना फतेहपुर, जनपद बाराबंकी गुरुवार को अपने घर से भटहा बिलौली की ओर बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वह तहसील फतेहपुर से बाबाकुटी रोड पर स्थित एक गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सिराज सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने दिखाई मानवता, निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायल की सहायता की और उनके परिजनों को सूचना दी। इसी दौरान वहां मौजूद एक कार सवार ने मानवता का परिचय देते हुए अपने निजी वाहन से घायल सिराज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तुरंत उनका उपचार शुरू किया।
डॉ. हिमांशु ने किया प्राथमिक उपचार
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में तैनात चिकित्सक डॉ. हिमांशु ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में सिराज के पैर की हड्डी टूट गई है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बेहतर उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया गया।
