
आगरा जिला ब्यूरो चीफ नरेश कुमार की रिपोर्ट
हजारों श्रद्धालुओं ने धूमधाम से मनाया श्री कृष्ण लड्डू गोपाल जन्माष्टमी महोत्सव–2026, छठी पूजन पर धर्मप्रेमियों ने प्रेमभाव से ग्रहण की प्रसादी…..
आगरा। भारी बारिश और विपरीत मौसम के बावजूद नामनेर में भगवान श्री कृष्ण के प्रति श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। नामनेर बाजार कमेटी के तत्वावधान में अध्यक्ष एवं मेला संयोजक श्री बंटी बघेल की अध्यक्षता में नामनेर चौराहे पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री कृष्ण लड्डू गोपाल जन्माष्टमी महोत्सव–2026 का भव्य आयोजन किया गया। बारिश के बीच भी हजारों श्रद्धालु आयोजन स्थल पर पहुंचे और भगवान श्री कृष्ण की मनमोहक झांकियों तथा आकर्षक सजावट के दर्शन कर भक्तिरस में डूब गए।

महोत्सव का शुभारंभ एमएलसी एवं विधायक श्री विजय शिवहरे तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता ने फीता काटकर किया। इसके बाद भगवान श्री कृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूरे आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के बीच उत्साह देखते ही बन रहा था। लगातार हो रही बारिश के बावजूद ‘जय श्री कृष्ण’ के जयघोष से पूरा नामनेर भक्तिमय हो उठा।
आधी रात को हुआ कान्हा का जन्म
रात्रि 12 बजे भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भावना के साथ मनाया गया। जन्म के समय श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ भगवान श्री कृष्ण का अभिनंदन किया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद श्रद्धालुओं को भगवान श्री कृष्ण के प्रिय माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित किया गया।
महोत्सव में आगरा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, छावनी विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री संजीव चतुर्वेदी, श्री अरुण अग्रवाल, श्री राकेश चौधरी (जी.टी.ए.सी. मेम्बर, भारत सरकार), अग्रवाल समाज के नेता श्री विनय अग्रवाल, भाजपा महानगर आगरा के महामंत्री श्री नितेश शिवहरे, श्री महेश शर्मा, भाजपा ब्रज क्षेत्र मंत्री श्रीमती बीना लवानिया सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
छठी पूजन पर उमड़ा धर्मप्रेमियों का सैलाब
जन्माष्टमी महोत्सव के बाद आज श्री कान्हा जी की छठी पूजन का कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्ति के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मां दुर्गा देवी मंदिर, नामनेर के प्रांगण में विशेष धार्मिक आयोजन एवं प्रसादी वितरण किया गया।
छठी पूजन के उपलक्ष्य में नामनेर के धर्मप्रेमियों ने सभी श्रद्धालुओं को प्रेमभाव से बैठाकर प्रसादी ग्रहण कराई। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की और भगवान श्री कृष्ण से सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। आयोजन स्थल पर श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला।
समिति के सदस्यों ने संभाली आयोजन की कमान
महोत्सव को सफल बनाने में श्री सत्येंद्र अग्रवाल, श्री रानू बघेल, श्री नितिन बंसल, श्री संदीप जैन, श्री रोहित चंदेल, श्री कुशल बघेल, श्री कनिक लवानियां, श्री मनीष पाल, श्री खुराना बघेल सहित मेला समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
नामनेर बाजार कमेटी के अध्यक्ष एवं मेला संयोजक श्री बंटी बघेल ने सभी श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों, अतिथियों, व्यापारियों तथा आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण की कृपा, श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और सभी के सहयोग से जन्माष्टमी महोत्सव एवं छठी पूजन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि नामनेर बाजार कमेटी भविष्य में भी धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र में एकता, भाईचारे और धार्मिक संस्कृति को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
