मथुरा/आगरा ब्यूरो रिपोर्ट
ब्यूटी, मेहंदी, सिलाई-कढ़ाई से लेकर योग, कंप्यूटर और डांस तक का मिलेगा प्रशिक्षण
मथुरा। महिलाओं और बालिकाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की राह से जोड़ने की दिशा में मथुरा में एक नई पहल की शुरुआत हुई है। महोली रोड स्थित सीडीएस नगर में गुरुवार को दीपमाला फाउंडेशन एवं नंदिनी मेकओवर क्लासेस का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं और गणमान्य लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत श्री बांके बिहारी जी महाराज के चित्र के समक्ष समाज सेविका ममता शर्मा द्वारा पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके की गई। इसके बाद कार्यक्रम की आयोजक दीपमाला राजपूत ने फीता काटकर दीपमाला फाउंडेशन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथियों और आगंतुकों का पुष्पमाला एवं पटुका पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नंदिनी ने बताया कि नंदिनी मेकओवर के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को रोजगारपरक और प्रोफेशनल प्रशिक्षण देने का प्रयास किया जाएगा। यहां प्रोफेशनल ब्यूटी कोर्स, मेहंदी कोर्स, एडवांस सिलाई एवं कढ़ाई जैसे विभिन्न प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे महिलाएं अपने हुनर को निखारकर आत्मनिर्भर बन सकें।
वहीं दीपमाला राजपूत ने बताया कि दीपमाला फाउंडेशन के अंतर्गत योग शिक्षा, कंप्यूटर क्लासेस, डांस क्लासेस सहित विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। फाउंडेशन का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनकी रुचि एवं प्रतिभा के अनुसार प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में हुनर ही आत्मनिर्भरता की सबसे मजबूत नींव है। यदि महिलाओं को सही प्रशिक्षण और उचित मंच मिले तो वे अपने परिवार के साथ-साथ समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इसी सोच के साथ दीपमाला फाउंडेशन के माध्यम से महिलाओं को नई पहचान देने का प्रयास किया जाएगा।
समाज सेविका ममता शर्मा ने दीपमाला फाउंडेशन और नंदिनी मेकओवर के शुभारंभ पर आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ने वाली पहल समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक साबित होंगे।
आयोजकों ने बताया कि मथुरा और आसपास की महिलाएं एवं बालिकाएं अपने हुनर को नई उड़ान देने के लिए इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ सकती हैं। संस्था की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर प्रतिभागियों को अपने पैरों पर खड़े होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
