आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
स्कूली वाहनों के चालकों को यातायात नियमों का पाठ, क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने की हिदायत

आगरा। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को सेंट पीटर्स कॉलेज में यातायात पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार के मार्गदर्शन तथा अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्रीमती अलका के नेतृत्व में आयोजित अभियान में स्कूल बस, वैन, ईको और ऑटो चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन न करने, सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने तथा यातायात नियमों और संकेतों का पालन करने के निर्देश दिए गए। उन्हें बताया गया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और वाहन संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्रीमती अलका ने कहा कि “स्कूल वाहन चालकों की जिम्मेदारी केवल बच्चों को गंतव्य तक पहुंचाना नहीं, बल्कि उन्हें पूरी तरह सुरक्षित पहुंचाना भी है। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।” उन्होंने सभी चालकों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन का संकल्प लेने का आह्वान किया।
