लेखराज कौशल
हापुड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

हापुड़ । पुलिस ने जनपद में अपराध पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए विद्युत ट्रांसफार्मर के उपकरण चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सिम्भावली और बहादुरगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों को ग्राम हिम्मतपुर से गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर पहले अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी का करीब एक कुंतल विद्युत कॉपर कॉइल, ट्रांसफार्मर से सामान चोरी करने के उपकरण, अवैध असलहा तथा घटना में प्रयुक्त दो कारें बरामद की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेरठ निवासी आसिफ, मेरठ निवासी आस मोहम्मद उर्फ आशू, गाजियाबाद निवासी समीर, गाजियाबाद निवासी मोहम्मद आरिफ तथा गाजियाबाद निवासी शाहिद के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी शातिर किस्म के विद्युत तार एवं ट्रांसफार्मर उपकरण चोरी करने वाले अपराधी हैं।
इनके विरुद्ध हापुड़, मेरठ, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर जनपदों में विद्युत तार चोरी, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में करीब 132 (लगभग 11 दर्जन) मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इस संबंध में थाना सिम्भावली पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
