संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही, 21 अगस्त। इंदिरा मिल रेलवे फाटक के पास गुरुवार देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। बेटे को ट्रेन की चपेट में आने से बचाने के प्रयास में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का उपचार एमबीएस राजकीय अस्पताल में कराया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किए जाने की जानकारी है।

पुलिस के अनुसार चौरी क्षेत्र के चकभुईधर गांव निवासी रामसागर राजभर की 48 वर्षीय पत्नी शिवकुमारी राजभर अपनी बेटी को देखने इंदिरा मिल स्थित एक निजी अस्पताल पहुंची थीं। बेटी को प्रसव पीड़ा के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान शिवकुमारी और उनके 22 वर्षीय बेटे विशाल राजभर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
कहासुनी के बाद विशाल नाराज होकर इंदिरा मिल चौराहे के पास रेलवे पटरी की ओर चला गया। बेटे को रोकने के लिए शिवकुमारी भी उसके पीछे पहुंच गईं। इसी दौरान सामने से ट्रेन आती देख उन्होंने बेटे को बचाने का प्रयास किया। हादसे में दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। शिवकुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल विशाल को तत्काल एमबीएस राजकीय अस्पताल पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किए जाने की जानकारी है। मृतका शिवकुमारी आशा कार्यकर्ता थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
