
भदोही। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी भदोही की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने कैंप कार्यालय में राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय पहुंचकर मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच फल वितरित किए। बड़ी संख्या में मरीजों ने फल वितरण का लाभ उठाया।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर एवं भदोही प्रभारी दयाशंकर पांडेय ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी, संचार और पंचायती राज व्यवस्था को नई दिशा देने का काम किया। उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी का आधुनिक और मजबूत राष्ट्र बनाने का सपना देखा था। उन्होंने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत माना। उनकी जयंती पर कांग्रेसजनों ने उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा जरूरतमंदों की सेवा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में काशीनाथ गौतम, सुरेश चंद्र मिश्रा, प्रेम बिहारी उपाध्याय, सुरेश गौतम, राजेश्वर दुबे, मुशीर इकबाल, मसूद आलम, सुबकतगीन अंसारी, त्रिलोकीनाथ बिंद, शबाना खातून, स्वालेह अंसारी, मनोज गौतम, उपेंद्र कुमार भारती, सरफराज अहमद, शमशीर अहमद, नाजिम अली, संजय जायसवाल, मृत्युंजय सिंह टोनी, शक्ति मिश्रा, अनीश शेख, परवेज अंसारी, मिराज अंसारी, महेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
