42 से अधिक कंपनियां पहुंचीं, करीब 5000 युवाओं ने लिया हिस्सा
संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही, 19 अगस्त। औराई में जीटी रोड स्थित चित्रांश पैलेस में बुधवार को जिला सेवायोजन कार्यालय और श्रम विभाग की ओर से वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने फीता काटकर और दीप जलाकर किया।

मेले में 42 से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों की ओर से एक हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती के लिए अवसर दिए गए। नौकरी की तलाश में करीब 5000 अभ्यर्थी पहुंचे। चयन प्रक्रिया के बाद 1260 युवाओं को मौके पर ऑफर लेटर दिए गए। ऑफर लेटर मिलने के बाद युवाओं में खुशी देखने को मिली।
मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने के साथ श्रमिकों के हित में भी लगातार काम कर रही है। रोजगार मेलों के जरिए युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
श्रमिकों को मिले 6.49 करोड़ रुपये
कार्यक्रम में निर्माण श्रमिकों के लिए चल रही सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। श्रमिकों का पंजीकरण करने के लिए शिविर भी लगाया गया। इस दौरान मिर्जापुर मंडल के निर्माण श्रमिकों और मृतक श्रमिकों के आश्रितों को अलग-अलग योजनाओं के तहत 6 करोड़ 49 लाख 64 हजार 729 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि रोजगार मेले से युवाओं को एक ही जगह पर कई कंपनियों में नौकरी के लिए आवेदन करने का मौका मिला है। विधायक औराई दीनानाथ भास्कर और विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे ने चयनित युवाओं को बधाई दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि सरकार युवाओं और श्रमिकों के हित में लगातार योजनाएं चला रही है।
रोजगार दिलाना प्राथमिकता : डीएम
जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने कहा कि युवाओं को रोजगार दिलाना और निर्माण श्रमिकों व उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कंपनियों के प्रतिनिधियों, अभ्यर्थियों और बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया।
