पुलिस दर्पण रिपोर्टर कृष्ण चंद्र शुक्ला
श्रावस्ती। जिले में गुरुवार को चौबेपुरवा और हेमपुर गांव के बीच बहने वाले नाले में गंगा डॉल्फिन दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। नाले में डॉल्फिन की हलचल देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते डॉल्फिन को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और डॉल्फिन को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने काफी सावधानी से जाल की मदद से डॉल्फिन को नाले से बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान वन विभाग के कर्मचारियों ने इस बात का विशेष ध्यान रखा कि डॉल्फिन को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे।
सफलतापूर्वक रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम डॉल्फिन को भंगहा के पास नदी में ले गई, जहां उसे सुरक्षित छोड़ दिया गया। नदी में छोड़े जाने के बाद डॉल्फिन अपने प्राकृतिक आवास की ओर चली गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में बाढ़ या नदी के तेज बहाव के कारण डॉल्फिन नाले में पहुंच गई होगी। ग्रामीणों की सतर्कता और वन विभाग की तत्परता से एक जलीय जीव की जान बचाई जा सकी।
