
संवाददाता प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। कटका गोदाम के पास शुक्रवार को सरसों तेल से भरे एक टैंकर में अचानक रिसाव होने से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। टैंकर से तेल गिरता देख आसपास के लोग बाल्टी और डिब्बे लेकर तेल भरने लगे। इस दौरान टैंकर चालक लोगों से तेल भरने से मना करता रहा, लेकिन लोग नहीं माने।
जानकारी के अनुसार टैंकर चालक वीरेंद्र मध्य प्रदेश से सरसों का तेल लेकर कोलकाता जा रहा था। बाबूसराय के पास पहुंचते ही टैंकर से अचानक तेल का रिसाव शुरू हो गया। चालक ने टैंकर को रोककर रिसाव बंद करने का प्रयास किया। इसी दौरान आसपास के ग्रामीण वहां पहुंच गए और तेल भरने लगे।
चालक जब टैंकर पर चढ़कर रिसाव बंद करने की कोशिश करने लगा तो कुछ लोगों ने उसे नीचे खींच लिया। चालक ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ तेल भरने में जुटी रही। इसके चलते वह रिसाव रोकने का प्रयास नहीं कर सका।
बाद में चालक किसी तरह टैंकर को वहां से लेकर निकल गया। टैंकर का नंबर MP 06 HC 2680 बताया गया है। घटना के दौरान काफी संख्या में लोग तेल भरते नजर आए।
