गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना पुलिस ने स्नैचिंग की घटनाओं में वांछित एक कुख्यात आरोपी को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, विभिन्न स्थानों से छीने गए सात मोबाइल फोन तथा एक चोरी की स्कूटी बरामद की गई है।

पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन उसने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि बरामद स्कूटी चोरी की है और आरोपी इसका उपयोग वारदातों को अंजाम देने तथा मौके से फरार होने के लिए करता था। उसके पास से मिले सात मोबाइल फोन की जांच की जा रही है, ताकि संबंधित पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उनका सामान वापस दिलाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। उससे पूछताछ के आधार पर स्नैचिंग की अन्य घटनाओं और संभावित साथियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
सिहानी गेट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में गश्त और वाहन जांच भी बढ़ा दी गई है।
