पूरे कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद

सहारनपुर– आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने गुरुवार को पुलिस अधिकारियों के साथ पूरे कांवड़ मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात, बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ झबरेड़ा से देवबंद, देवबंद से बड़गांव, नानौता, तीतरों, गंगोह होते हुए करनाल बॉर्डर तक कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध, यातायात डायवर्जन, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ियों की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। पूरे मार्ग पर लगातार पुलिस गश्त, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा सभी सुरक्षा इंतजाम समय से पूरे किए जाएं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि इस वर्ष की कांवड़ यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
रिपोर्ट – अरविन्द कुमार सैनी
