432 करोड़ की 217 परियोजनाओं की सौगात, दो नगर पंचायतों के नाम बदलने का ऐलान
अयोध्या । दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीकापुर विधानसभा क्षेत्र को 432 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की भी घोषणा की और विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि खिरौनी सोहावल नगर पंचायत का नाम अब ‘मां ज्वाला देवी नगर पंचायत’ होगा, जबकि भरतकुंड भदरसा नगर पंचायत को अब ‘भरत नगर भरतकुंड’ के नाम से जाना जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सोहावल विकासखंड परिसर में स्वर्गीय मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों की चाबियां भी सौंपीं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग आज आस्था की बात करते हैं, वही पहले अयोध्या की पहचान और धार्मिक परंपराओं के खिलाफ काम करते थे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने अयोध्या को नई पहचान दी है और आज भगवान श्रीराम की नगरी विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बना चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनने का विरोध किया जाता था, लेकिन आज महर्षि वाल्मीकि के नाम पर बना अयोध्या इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के प्रमुख शहरों से जुड़ चुका है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में निषादराज गुह के नाम पर रैन बसेरा और श्रृंगवेरपुर में भगवान राम-निषादराज मिलन स्थल का विकास भी सरकार की सांस्कृतिक विरासत के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी की गईं, रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गईं और अयोध्या की पहचान को संकट में डालने का प्रयास हुआ। लेकिन डबल इंजन की सरकार के आने के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ और विकास की नई गाथा लिखी जा रही है।
विकास परियोजनाओं की सौगात, नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा और विपक्ष पर तीखे हमलों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा राजनीतिक और विकास दोनों ही दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
