संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही गोपीगंज। भाजपा गोपीगंज नगर मंडल की ओर से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत मंगलवार को नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंडल अध्यक्ष अश्विनी अग्रवाल के नेतृत्व में निकली यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ चौरा माता मंदिर से हुआ। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों के बीच कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘बलिदानी अमर रहें, शहीद सैनिक अमर रहें’ के नारे लगाए। यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक पहुंची।

शहीद स्मारक पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अमर शहीदों को नमन करते हुए माल्यार्पण किया। इस दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र गौरव को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और प्रत्येक नागरिक को इसके सम्मान के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
यात्रा के दौरान नगर में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में विधायक विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, ओम प्रकाश तिवारी (टंकी गुरु) सुनील मिश्रा, सपना, डॉ. आनंद मिश्रा, कुंवर प्रमोद चंद्र मौर्या, , संतोष मोदनवाल, अखिलेंद्र सिंह बघेल प्रज्वल बरनवाल और रमेश पांडे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।
