संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाणपत्र तैयार कर अभ्यर्थियों को पैसे लेकर MBBS में दाखिला दिलाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के एक वांछित आरोपी को भदोही पुलिस ने बहराइच से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश कुमार वर्मा (42) निवासी नौतला, थाना रामगांव, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करने और उसके आधार पर मेडिकल कॉलेजों में दाखिला कराने वाले गिरोह से जुड़ा था।
पूछताछ में आरोपी ने गिरोह द्वारा फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाणपत्र तैयार कर अभ्यर्थियों को MBBS में दाखिला दिलाने के साथ सरकारी नौकरियों में भर्ती कराने की बात स्वीकार की है। जांच में यह भी सामने आया कि इसी गिरोह ने वर्ष 2023 की पुलिस सीधी भर्ती में फर्जी प्रमाणपत्र का इस्तेमाल कर अभ्यर्थियों का चयन कराने का प्रयास किया था।
पुलिस के अनुसार, मामले में गिरोह के सरगना सहित कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी है।
यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में स्वाट और सर्विलांस टीम ने की।
